मध्यप्रदेश के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय, अमरकंटक (IGNTU) में सहायक प्राध्यापक चार्ल्स वर्गीज पर हुए कथित हमले व अभद्र व्यवहार की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कड़ी निंदा की है और घटना के साथ अभाविप को जोड़कर संगठन पर लगाए जा रहे आरोपों का भी कड़ा खंडन किया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, महाकौशल के प्रांत मंत्री सुव्रत बाझल ने कहा कि हाल ही में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक में घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर अभाविप का नाम गलत तरीके से जोड़ा जा रहा है, जिन छात्रों ने यह कृत्य किया है उसका विद्यार्थी परिषद से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि अभाविप सदैव ही एक समृद्ध शैक्षिक परिवार की सकल्पना पर विश्वास रखता है, अभाविप इस प्रकार की किसी भी घटना का समर्थन नहीं करता है तथा विश्वविद्यालय प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग करता है।
प्रांत मंत्री बाझल ने स्पष्ट तौर पर कहा कि इस घटना से संगठन का कोई लेना-देना नहीं है। परिषद एक राष्ट्रवादी छात्र संगठन है, जो सदैव शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, संवाद को बढ़ावा देने और छात्र-हितों के लिए कार्य करता है। किसी भी प्रकार की हिंसा या अवांछनीय गतिविधि का अभाविप समर्थन नहीं करती।
