अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) पंजाब के संगरूर स्थित संत लोंगोवाल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SLIET) के छात्र आयुष राज की हत्या की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहन शोक व्यक्त करती है। बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र आयुष राज का शव 27 नवंबर को संस्थान के बाहरी गेट के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नशे और आपसी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई तथा पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पंजाब में नशे के कारोबार को संरक्षण देने वाली भगवंत मान सरकार की नीतियों और नशा माफियाओं को बढ़ावा देने वाले तंत्र की अभाविप कड़े शब्दों में भर्त्सना करती है। सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे नशे के कारोबार ने पंजाब की युवा पीढ़ी को विनाश के कगार पर पहुंचा दिया है।
अभाविप मांग करती है कि आयुष राज हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए तथा नशा माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वाले राजनीतिक तंत्र के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई हो।
पंजाब में नशे का प्रसार अब केवल सामाजिक समस्या नहीं, बल्कि प्रदेश की युवा पीढ़ी के अस्तित्व के लिए गंभीर संकट बन चुका है। नशे का कारोबार शैक्षणिक परिसरों, हॉस्टलों और उनके आसपास तक पहुंचना तथा युवाओं का तेजी से इसकी गिरफ्त में आना प्रदेश सरकार की विफलता को उजागर करता है।
नशे के अवैध कारोबार को संरक्षण देने वाले राजनीतिक और आपराधिक तंत्र पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार की निष्क्रियता ने नशा माफियाओं को बढ़ावा देने का काम कर रही है। आयुष राज की हत्या की घटना इस भयावह स्थिति की गंभीर चेतावनी है। अभाविप का यह स्पष्ट मत है कि पंजाब में नशे के कारोबार को संरक्षण देने वाले तत्वों और इसके पूरे नेटवर्क को समाप्त किए बिना युवा पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य नहीं दिया जा सकता। शैक्षणिक परिसरों एवं हॉस्टलों के आसपास नशे की उपलब्धता पर तत्काल रोक लगाना और नशे के कारोबार में संलिप्त सभी तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना आवश्यक है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पंजाब के प्रदेश मंत्री जसकरण भुल्लर ने कहा, “पंजाब सरकार की नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में विफलता और नशा माफियाओं को मिल रहे संरक्षण की अभाविप निंदा करती है। भगवंत मान सरकार के शासन में नशे का अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है और प्रदेश की युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में धकेली जा रही है। सरकार की प्राथमिकता युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना होनी चाहिए, लेकिन उसका ढुलमुल रवैया नशा माफियाओं को बढ़ावा दे रहा है। SLIET लॉन्गोवाल के छात्र आयुष राज की हत्या की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। अभाविप मांग करती है कि इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाए। साथ ही पंजाब सरकार नशे के कारोबार को संरक्षण देने वाले राजनीतिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करे और प्रदेश में सक्रिय नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करे। पंजाब की युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ और नशा माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।”
