नई दिल्ली : स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के संयुक्त तत्वावधान में दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में छात्रसंघ पदाधिकारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज, अभाविप की अखिल भारतीय छात्रा कार्य प्रमुख मनु शर्मा कटारिया एवं अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों की उपस्थिति में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि रविंद्र इंद्राज ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस पर अभाविप के नेतृत्व में आयोजित यह सम्मान समारोह युवाशक्ति की सकारात्मक भूमिका का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारी अपने-अपने संस्थानों के छात्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और भविष्य में देश के नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अभाविप ने पीढ़ियों को अनुशासित एवं राष्ट्रनिष्ठ नेतृत्व के रूप में गढ़ने का कार्य किया है, जो 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है।
अभाविप की अखिल भारतीय छात्रा कार्य प्रमुख मनु शर्मा कटारिया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की निर्भीकता और आत्मबोध की भावना अभाविप के कार्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने ‘स्क्रीन टाइम से एक्टिविटी टाइम’ अभियान, महिला सशक्तिकरण, परिसर सुरक्षा, मिशन साहसी आत्मरक्षा शिविर एवं विभिन्न कौशल विकास मंचों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रयास छात्राओं को आत्मविश्वासी नेतृत्वकर्ता बनाने में सहायक हैं।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि यह सम्मान समारोह स्वामी विवेकानंद के युवाओं को संगठित कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने के संदेश को साकार करता है। उन्होंने कहा कि अभाविप-नेतृत्व वाला डूसू निरंतर युवाओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष आर्यन मान एवं छात्रसंघ सचिव कुणाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
