नई दिल्ली। सत्य निकेतन में हुई दुखद घटना में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दिल्ली ने मंगलवार को साउथ कैंपस स्थित सत्य निकेतन में कैंडल मार्च निकाला। इससे एक दिन पहले सोमवार को अभाविप ने नॉर्थ कैंपस में भी कैंडल मार्च आयोजित किया था। साउथ कैंपस में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभाविप कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च में शामिल होकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। अभाविप ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए रहने के स्थानों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि सत्य निकेतन की घटना ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। कल नॉर्थ कैंपस और आज साउथ कैंपस में कैंडल मार्च के माध्यम से हम दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और एकजुटता व्यक्त कर रहे हैं। सबसे दुखद बात यह है कि जिन विद्यार्थियों का पूरा ध्यान अपनी पढ़ाई और भविष्य पर होना चाहिए, उन्हें अपनी जान की सुरक्षा को लेकर चिंता करनी पड़ रही है। अब प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि ऐसी घटना दोबारा न हो। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के रहने के स्थानों की सुरक्षा को लेकर भी ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। अभाविप विद्यार्थियों की सुरक्षा के इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और उनके साथ खड़ी रहेगी।
