नई दिल्ली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 के केंद्रीय पैनल के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। अभाविप इन चुनावों में छात्रसंघ में रहते हुए किए गए कार्यों और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। दिल्ली विश्वविद्यालय के आधारभूत ढांचे में सुधार, महिला सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सक्रिय एवं उत्तरदायी छात्रसंघ को संगठन ने अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया है। सत्य निकेतन की घटना के बाद सुरक्षित विद्यार्थी आवास की मांग को लेकर चलाया जा रहा ‘आखिर कब तक?’ अभियान भी अभाविप के प्रमुख चुनावी मुद्दों में रहेगा।
कौन हैं डूसू अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास
अभाविप के डूसू अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास मूल रूप से दिल्ली के कंझावला के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज (एसजीटीबी खालसा कॉलेज) से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग में अध्ययनरत हैं।
यश डबास खेलों से भी जुड़े रहे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया तथा सर्बिया में आयोजित आईटीएफ प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। उनका चयन सीबीएसई नेशनल्स, एसजीएफआई नेशनल्स, खेलो इंडिया और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 के लिए भी हुआ है। इसके अलावा उन्होंने उत्तर भारत विश्वविद्यालय खेलों में दिल्ली विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है। छात्र राजनीति में उनकी दावेदारी के साथ खेल और विश्वविद्यालय स्तर की गतिविधियों में उनकी भागीदारी को भी अभाविप अपनी टीम की पृष्ठभूमि के तौर पर सामने रख रही है।
