नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। अध्यक्ष पद के लिए सात, उपाध्यक्ष पद के लिए पांच, सचिव पद के लिए चार और संयुक्त सचिव पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने डूसू चुनाव के लिए अपना पैनल घोषित करते हुए अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पद पर इशू मौर्य, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
कौन हैं डूसू उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार इशू मौर्य?
अभाविप ने उपाध्यक्ष पद के लिए मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस के रहने वाले इशू मौर्य को मैदान में उतारा है। इशू ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज (मॉर्निंग) से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं।
इशू का छात्र राजनीति और सार्वजनिक संवाद से जुड़ा गहरा अनुभव रहा है। छात्र जीवन के दौरान वह अभाविप से जुड़े और सत्यवती कॉलेज (मॉर्निंग) इकाई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके अलावा वह संगठन के स्टूडेंट्स फॉर सेवा अभियान में सह-संयोजक की भूमिका निभा चुके हैं।
वाद-विवाद, नेतृत्व और सार्वजनिक संवाद में रुचि रखने वाले इशू की सक्रियता कॉलेज स्तर पर छात्र गतिविधियों में भी रही है। अभाविप ने उनके संगठनात्मक अनुभव और छात्र मुद्दों से जुड़ाव को देखते हुए उन्हें डूसू उपाध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। इशू मौर्य की उम्मीदवारी के साथ अभाविप अपने पैनल को लेकर उत्साहित है। संगठन का जोर छात्र हितों और विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों को चुनावी अभियान के केंद्र में रखने पर है।
