नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026 का मुकाबला अब और रोचक हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने संयुक्त सचिव पद के लिए राजस्थान के चूरू जिले के निवासी और अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी लक्ष्यराज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। शुक्रवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी। इसके साथ ही डूसू चुनाव में कुल 20 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
अभाविप का केंद्रीय पैनल इस बार संतुलित नजर आ रहा है। संगठन ने अपने सक्रिय एवं पुराने कार्यकर्ताओं के साथ-साथ उनकी सामाजिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि तथा परिसर में सक्रियता को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है। संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह की उम्मीदवारी को इसी रणनीति की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
लक्ष्यराज सिंह की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ-साथ छात्र मुद्दों पर सक्रिय रहने वाले युवा के रूप में भी है। वे खेलों और खिलाड़ियों से जुड़े विषयों को लेकर मुखर रहे हैं। सत्यनिकेतन हादसे के बाद छात्रों की सुरक्षा से जुड़े आंदोलनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी से चुनाव में खेल और छात्र सुरक्षा जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता मिलने की संभावना है।
कौन हैं लक्ष्यराज सिंह?
अभाविप के संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार लक्ष्यराज सिंह मूल रूप से राजस्थान के चूरू जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी हैं और खेल के क्षेत्र में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
लक्ष्यराज के खेल करियर में एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने नेशनल गेम्स में राजस्थान तथा नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में लक्ष्यराज सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले लक्ष्यराज का छात्र राजनीति और अभाविप से भी पुराना जुड़ाव रहा है। अंतरराष्ट्रीय खेल अनुभव, छात्र राजनीति में सक्रियता और सामाजिक पृष्ठभूमि को देखते हुए लक्ष्यराज सिंह की उम्मीदवारी डूसू चुनाव में अभाविप के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
