दिल्ली : शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दिल्ली प्रांत द्वारा पसरीचा छात्रवृत्ति वितरण समारोह के 15वें संस्करण का आयोजन हंसराज महाविद्यालय के लाइब्रेरी ऑडिटोरियम में किया गया। छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय विधार्थी परिषद, छात्र कल्याण न्यास तथा विद्यार्थी निधि के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज किशोर तिवारी, विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक तथा पसरीचा ट्रस्ट की ट्रस्टी प्रा. पायल मागो तथा छात्र कल्याण न्यास की ट्रस्टी प्रा. मनु शर्मा कटारिया उपस्थित थे। ज्ञात हो कि आर्थिक रूप से जो छात्र सक्षम नहीं है, उनकी मेधा को उड़ान देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समाजसेवी स्वर्गीय प्रेमलाल पसरीचा जी की स्मृति में वर्ष 2010 से लगातार हर वर्ष छात्रवृत्ति के रूप में एक प्रोत्साहन राशि देती है।
छात्रवृत्ति वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अभाविप राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज किशोर तिवारी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा से छात्रों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा के प्रसार के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। वहीं पसरीचा ट्रस्ट की ट्रस्टी प्रा. पायल मागो ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पसरीचा ट्रस्ट की ओर से आज छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद तथा मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग देना है। पिछले कई वर्षों से यह छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। विद्यार्थी कल्याण न्यास की ट्रस्टी प्रा. मनु शर्मा कटारिया ने कहा कि छात्र कल्याण न्यास छात्रों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने एवं शिक्षा में भारतीयता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय है। इस प्रोत्साहन राशि का उपयोग लाभार्थी छात्र अपनी पुस्तके खरीदने के लिए करेंगे जिससे समाज मे सुदृढता आएगी।
