भोपाल। मध्य प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में कार्यरत एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के लिए राहत की बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों के मासिक स्टाइपेंड में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फैसला किया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने एमबीबीएस इंटर्न्स का स्टाइपेंड 14,337 रुपये से बढ़ाकर 21,500 रुपये प्रतिमाह किए जाने की अधिकृत घोषणा की। सरकार के निर्णय के बाद भोपाल स्थित अभाविप कार्यालय में डॉक्टरों और चिकित्सा छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने पहुंचकर संगठन के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने अभाविप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखाड़िया का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा छात्रों के अधिकारों और उनकी न्यायसंगत मांगों को लेकर मिले निरंतर मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
ज्ञात हो कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) पिछले दो महीनों से चरणबद्ध आंदोलन चला रही थी। अभाविप ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के हजारों एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों और छात्रशक्ति की जीत बताया है।
अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र, इंटर्न डॉक्टर और अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे चिकित्सा छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
